हत्या से पहले केतन को था शक... अनदेखे इशारों ने लिख दी मौत की कहानी

Amanat Ansari 24 Jun 2026 06:22: PM 1 Mins
हत्या से पहले केतन को था शक... अनदेखे इशारों ने लिख दी मौत की कहानी

पुणे: पुणे के युवा बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में हुई हत्या का मामला अब और भी चौंकाने वाला हो गया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या से पहले केतन को अपनी मंगेतर सिया गोयल पर शक था. उसने अपने पिता से साफ पूछा था, ''पापा, क्या आपने सिया का बैकग्राउंड चेक किया है?''

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि फरवरी में सगाई के बाद केतन कई बार अपनी चिंताएं जता चुका था. सिया का फोन पर ज्यादा समय बिताना, छोटी-छोटी बातों पर झगड़ना और एक बार चेतन चौधरी का नाम लेना, ये सब केतन को संदेहास्पद लग रहा था. परिवार ने सिया के परिवार को रिश्तेदारों के माध्यम से जानते हुए इन संकेतों को अनदेखा कर दिया.

केतन की जिंदगी और शादी की तैयारी

25 वर्षीय केतन अमेरिका के प्रतिष्ठित बबसन कॉलेज से मास्टर डिग्री लेकर 2023 में पुणे लौटा था और पारिवारिक बिजनेस ‘सक्सेस ग्रुप’ में डायरेक्टर था. नवंबर 2026 में सिया के साथ उसकी शादी तय थी. उदयपुर में होटल भी बुक हो चुके थे और प्री-वेडिंग शूट की तैयारियां चल रही थीं. लेकिन पुलिस के अनुसार, सिया का 22 वर्षीय प्रेमी चेतन चौधरी (ड्राई फ्रूट्स कारोबारी) के साथ पिछले एक साल से अफेयर चल रहा था. सिया इस शादी से बचना चाहती थी.

पहले भी हुई थीं हत्या की कोशिशें

जांच में सामने आया कि सिया ने शादी टालने या केतन को रास्ते से हटाने की कई कोशिशें पहले भी की थीं. बाली जाने वाले प्री-वेडिंग शूट के लिए केतन का पासपोर्ट छिपा दिया. मौत से चार दिन पहले लोहगढ़ किले में ही केतन को धक्का देने की कोशिश की, बाद में सांप का बहाना बनाया. आखिरकार 18 जून 2026 को दोनों ने मिलकर केतन को 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया. कॉल रिकॉर्ड्स, फॉरेंसिक रिपोर्ट और मौके पर चेतन की मौजूदगी ने पूरी साजिश को उजागर कर दिया. दोनों आरोपियों ने पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया है.

पुलिस का बयान

पुलिस ने इस मामले की तुलना मेघालय हनीमून किलिंग से की है. दोनों पर हत्या और आपराधिक साजिश की धाराएं लगाई गई हैं.
यह घटना एक बार फिर प्रेम-विवाह और बैकग्राउंड चेकिंग के महत्व को रेखांकित करती है. केतन के परिवार में अब पछतावे का माहौल है. अगर उन संकेतों को समय रहते समझ लिया जाता, तो शायद यह दिन नहीं देखना पड़ता.

Ketan Agarwal Pune Siya Goyal Lohagad Fort Pune Businessman Murder Case Chetan Choudhary Pune

Recent News