क्या संसद नहीं अब जेल जाएंगे पप्पू यादव, जानें क्या है मामला?

Global Bharat 11 Jun 2024 06:27: PM 2 Mins
क्या संसद नहीं अब जेल जाएंगे पप्पू यादव, जानें क्या है मामला?

बिहार के पूर्णिया लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद पप्पू यादव के खिलाफ रंगदारी मांगने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. पूर्णिया के ही एक फर्नीचर व्यवसायी ने पप्पू यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया है. उन्होंने दर्ज एफआईआर में पुलिस को बताया है कि उसे पप्पू यादव की तरफ से धमकी दी गई और रंगदारी के तौर पर एक करोड़ रुपए मांगा गया है.

वहीं नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है. दर्ज एफआईआर में व्यवसायी ने कहा कि उसे धमकी देते हुए पूर्णिया छोड़कर चले जाने के लिए कहा गया है. एफआईआर में साल 2021 और 2023 में भी रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है.

एफआईआर में कहा गया है कि 2021 में खुद पप्पू यादव ने उससे रंगदारी मांगी थी. इसी बीच 2023 में व्हाट्सएप पर कॉल कर 15 लाख रुपए और 2 सोफा सेट मांगा गया था. उन्होंने कहा कि इस दौरान धमकी दी गई और गालियों का भी प्रयोग किया गया था.

प्राथमिकी में अमित यादव का भी नाम शामिल किया गया है और उन्हे पप्पू यादव का खास बताया गया है. वहीं इसे लेकर अब नवनिर्वाचित सांसद प्पपू यादव का भी बयान सामने आ गया है. पप्पू यादव ने कहा है कि हमें फंसाने की साजिश चल रही है, क्योंकि बिहार सरकार अपनी हार पचा नहीं पा रही है.

नवनिर्वाचित सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि यह सिर्फ उन्हें बदनाम करने की एक साजिश है और कुछ नहीं है. उन्होंने इस मामले में एसपी से फोन पर बातचीत की है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि अगर पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं करती है तो वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे.

पप्पू यादव ने कहा कि एफआईआर में जिस अमित यादव का जिक्र किया गया है, उन्हें वे जानते तक नहीं है, फिर धमकी देने का सवाल ही नहीं उठता है. इस दौरान पप्पू यादव ने साल 2021 और 2023 का जिक्र नहीं किया. बता दें कि एफआईआर में खुद पप्पू यादव पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है.

वहीं एफआईआर लिखे जाने के बाद पूर्णिया पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है. इसे लेकर पप्पू यादव ने कहा कि पुलिस को पहले जांच करनी चाहिए थी. फिर अगर कुछ तथ्य मिल जाता तो प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए थी. उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि यह कोई बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है. इसमें पहले की घटना को जोड़कर कहानी गढ़ने का प्रयास किया गया है.

Recent News