पटना: बिहार के मशहूर कोचिंग शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर अब किसी भी समय गिरफ्तार हो सकते हैं. पटना पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई फायरिंग मामले में खान सर को नामजद कर दिया है. उन पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. पटना पुलिस ने मंगलवार को जारी बयान में छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे कोचिंग संस्थानों की प्रतिस्पर्धा और बहकावे में न आएं. उनकी गिरफ्तारी के लिए जगह-छापेमारी की जा रही है.
क्या है पूरा मामला?
बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद खान सर के कोचिंग सेंटर और प्रतिद्वंद्वी ज्ञान बिंदु एकेडमी के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया. मंगलवार देर रात खान सर के कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ और पथराव किया गया, जिसमें ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया. इसके जवाब में ज्ञान बिंदु एकेडमी ने बुधवार को एक वीडियो जारी किया, जिसमें खान सर के दो बॉडीगार्ड हवा में फायरिंग करते दिख रहे थे. पुलिस ने वीडियो की जांच के बाद दोनों बॉडीगार्ड को गिरफ्तार कर लिया. अब इसी फायरिंग मामले में खान सर को भी नामजद किया गया है.
खान सर की लोकेशन
फिलहाल खान सर अपने कोचिंग सेंटर पर नहीं हैं. सुबह उन्होंने क्लास ली और छात्रों के सामने फायरिंग मामले पर अपनी बात रखी. एफआईआर में नाम आने से पहले ही वह कोचिंग से निकल गए. कोचिंग सेंटर के बाहर फिलहाल कुछ छात्र जमा हैं और घटना को लेकर चर्चा कर रहे हैं. हालांकि, माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है. पटना पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और खान सर की गिरफ्तारी किसी भी समय हो सकती है.