नागपुर/पटना: बिहार के सकारात्मक परिवर्तन और समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए चलाए जा रहे अभियान LetsInspireBihar को नई ऊर्जा मिली है. नागपुर में गठित अध्याय की प्रथम भौतिक बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिकों ने एकजुट होकर बिहार के विकास का रोडमैप तैयार किया.
बैठक में उद्यमी, शिक्षाविद्, स्वास्थ्य पेशेवर, अधिवक्ता, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों के प्रभावशाली व्यक्तियों ने सक्रिय सहभागिता की. सहभागिता, विमर्श और रणनीतिक योजना पर केंद्रित इस महत्वपूर्ण सत्र ने अभियान को और अधिक सशक्त बना दिया.
भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के वरिष्ठ अधिकारी एवं पटना के बख्तियारपुर प्रखंड के मूल निवासी अजीत कुमार जी के कुशल समन्वय में आयोजित इस बैठक में अभियान के प्रेरक शख्सियत भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े.
उन्होंने अभियान की दृष्टि, उद्देश्यों और भावी योजनाओं को साझा करते हुए सभी उपस्थित सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में बिहार के विकास में सार्थक अंशदान दें.बैठक का माहौल बेहद उत्साही रहा.
सभी प्रतिभागियों ने बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के प्रति अपना दृढ़ संकल्प दोहराया. अभियान की यात्रा गतिमान है! नागपुर अध्याय की यह पहली भौतिक बैठक LetsInspireBihar को न सिर्फ मजबूती प्रदान कर रही है, बल्कि पूरे देश में बिहार के सकारात्मक बदलाव की लहर को और फैला रही है.
यह बैठक बिहार के उन लाखों युवाओं और बुद्धिजीवियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी जो राज्य के उज्ज्वल भविष्य के सपने को हकीकत में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं.