RCB Win IPL Final : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने आईपीएल इतिहास में एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली है, जिसने उन्हें महान कप्तानों की सूची में शामिल कर दिया है. चोट के कारण करियर में कई उतार-चढ़ाव देखने वाले रजत ने वापसी के बाद न सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया, बल्कि कप्तानी में भी नए कीर्तिमान स्थापित किए.
रजत पाटीदार का नाम अब रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो चुका है. वह 2021 के बाद शुरू हुए मौजूदा दशक के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने का कारनामा किया है, इससे पहले हार्दिक पांड्या और श्रेयस अय्यर इस उपलब्धि के बेहद करीब पहुंचे थे, लेकिन लगातार दो ट्रॉफियां नहीं जीत सके. हार्दिक की कप्तानी में गुजरात 2022 और 2023 में फाइनल तक पहुंची, जबकि श्रेयस ने 2024 में खिताब जीता और 2025 में अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाया, लेकिन ट्रॉफी हाथ नहीं लगी.
रजत ने इस सिलसिले को तोड़ते हुए लगातार दूसरी बार आरसीबी को चैंपियन बनाया, उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ रोहित शर्मा और एमएस धोनी के नाम थी. रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2019 और 2020 में लगातार खिताब जीते थे, जबकि धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 और 2011 में यह कारनामा किया था.
पूरे सीजन में रजत की कप्तानी शानदार रही. उनकी अगुवाई में आरसीबी ने लीग चरण में 14 में से 9 मुकाबले जीते और फिर क्वालिफायर-1 व फाइनल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की. कप्तान के रूप में अब तक खेले 28 मैचों में रजत की टीम ने 20 जीत दर्ज की हैं, जबकि सिर्फ 8 मुकाबलों में हार मिली है.
इसके साथ ही रजत पाटीदार आईपीएल में एक से अधिक बार खिताब जीतने वाले चौथे कप्तान बन गए हैं. उन्होंने गौतम गंभीर की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 2012 और 2014 में कोलकाता को चैंपियन बनाया था. अब रजत का नाम धोनी और रोहित जैसे दिग्गज कप्तानों के साथ लिया जा रहा है।