लखनऊ: अयोध्या श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 88 वर्षीय महंत को फेफड़ों और यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन की समस्या के चलते सोमवार को अस्पताल में भर्ती किया गया. फिलहाल उन्हें ICU में रखा गया है, हालांकि उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है.
मेदांता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि महंत की स्थिति संतोषजनक है. क्रिटिकल केयर मेडिसिन, पल्मोनरी मेडिसिन और यूरोलॉजी विभाग की विशेषज्ञ टीम उनके इलाज पर नजर रखे हुए है. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है, लेकिन उन्हें अभी 4-5 दिन अस्पताल में रहना पड़ सकता है.
CM योगी के सलाहकार पहुंचे अस्पताल
महंत की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी बुधवार को मेदांता अस्पताल पहुंचे और महंत का हालचाल लिया.
राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरे
महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संतों में से एक हैं. उन्होंने आंदोलन के शुरुआती दिनों से ही इसमें सक्रिय भूमिका निभाई. वह राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं. भूमि पूजन, मंदिर निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में उनका अहम योगदान रहा है.
पहले भी कई बार हुए भर्ती
88 वर्षीय महंत पहले भी कई बार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महंत की हालत स्थिर है और चिकित्सकीय निगरानी में उनका इलाज जारी है. भक्तों और राम भक्तों से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है.