प्रयागराज : चायल सीट से विधायक और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल ने माफिया अतीक अहमद को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा माहौल बन गया था कि लोगों को लगता था अतीक अहमद के खिलाफ कोई खड़ा नहीं हो सकता. उनके मुताबिक, विधायक राजू पाल की हत्या के बाद हालात इतने भयावह थे कि परिवार को उनका पार्थिव शरीर तक समय पर नहीं मिला. इस घटना ने आम लोगों के मन में गहरा डर पैदा कर दिया था.
पूजा पाल ने कहा कि राजू पाल के विधायक बनने से आम जनता में यह विश्वास जगा था कि दबंगों के खिलाफ भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जा सकती है. लेकिन उनकी हत्या के बाद लोगों का मनोबल टूट गया और यह धारणा बन गई कि अतीक अहमद का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता.
उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा सरकार के दौरान अतीक अहमद के प्रभाव के कारण उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया, इसके बाद समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर भी उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला. पूजा पाल ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके साथ किए गए वादों को पूरा नहीं किया और अतीक अहमद की मौत के बाद भी उसका समर्थन किया.
पूजा पाल ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और अतीक अहमद का प्रभाव समाप्त हुआ, तब उन्हें लगा कि राजू पाल को वास्तविक न्याय और सच्ची श्रद्धांजलि मिली है. इसी विश्वास के साथ उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा. उन्होंने कहा कि भाजपा ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर यह संदेश दिया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है.