हरियाणा : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख और दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहा गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है. उसे 21 दिन की पेरोल मंजूर की गई है. मंगलवार सुबह हरियाणा की सुनारिया जेल से बाहर निकलने के बाद राम रहीम सीधे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा पहुंचा. फरलो के दौरान वह डेरा परिसर में रहेगा.
राम रहीम को यह राहत ऐसे समय मिली है, जब वह दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में 20 साल की सजा काट रहा है. इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में भी उसे उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है. बावजूद इसके पिछले कुछ वर्षों में उसे कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है.
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, जेल में बंद होने के करीब 9 साल के दौरान राम रहीम अब तक 17वीं बार जेल से बाहर आया है. इस साल भी उसे अब तक कुल 91 दिन की पैरोल मिल चुकी है. बार-बार मिलने वाली पैरोल और फरलो को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं.
राम रहीम को जेल से बाहर आने के बाद उसके समर्थकों में भी हलचल तेज हो जाती है. वह इससे पहले भी पैरोल या फरलो के दौरान ऑनलाइन सत्संग और दूसरे कार्यक्रमों के जरिए अपने अनुयायियों से जुड़ता रहा है.
राम रहीम को अगस्त 2017 में पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराया था. फैसला आने के बाद पंचकूला और हरियाणा के कई हिस्सों में हिंसा भड़क गई थी, इसके बाद से वह रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है. अब 21 दिन की नई फरलो मिलने के बाद एक बार फिर उसके जेल से बाहर रहने को लेकर चर्चा तेज हो गई है.