रामपुर : आजम खान की यूनिवर्सिटी को गिराने का आदेश होने के बाद रामपुर के कप्तान को बदल दिया गया है. अनिल कुमार सिंह को रामपुर का ण्य कप्तान बनाया गया है. उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनिल कुमार सिंह को रामपुर का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया है. उनके रामपुर पहुंचने के साथ ही जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को लेकर नई उम्मीदें बढ़ गई हैं. शासन का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब रामपुर जैसे संवेदनशील जिले में प्रभावी पुलिस नेतृत्व को काफी अहम माना जा रहा है.
अनिल कुमार सिंह 2015 बैच के प्रोन्नत आईपीएस अधिकारी हैं. वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के निवासी हैं. उन्होंने हिंदी विषय में एम.ए. की शिक्षा प्राप्त की है और लंबे समय तक उत्तर प्रदेश पुलिस में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है. पुलिस महकमे में उन्हें अनुशासित, प्रशासनिक अनुभव वाले और कानून-व्यवस्था पर मजबूत पकड़ रखने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है.
रामपुर आने से पहले अनिल कुमार सिंह एसपी सिक्योरिटी, लखनऊ के पद पर तैनात थे. इस दौरान उन्होंने वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील कार्यक्रमों की सुरक्षा और पुलिस समन्वय जैसे महत्वपूर्ण दायित्व संभाले. अब उन्हें रामपुर जैसे अहम जिले की कमान सौंपी गई है, जहां अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध पर अंकुश, संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई और आम जनता के साथ बेहतर संवाद उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रह सकते हैं.
रामपुर लंबे समय से राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से संवेदनशील जिलों में गिना जाता है. ऐसे में नए एसपी के सामने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, थानों की कार्यप्रणाली में सुधार, लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाना बड़ी चुनौती होगी.