मेक्सिको सिटी: मैक्सिको के दक्षिणी राज्य चियापास में शुक्रवार को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. भूकंप का केंद्र प्यूर्टो मादेरो के पास था. इसकी गहराई सिर्फ 10 किलोमीटर थी, जिसके कारण तेज झटके महसूस किए गए और सुनामी का खतरा पैदा हो गया. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स आए, जिनमें सबसे मजबूत 6.1 तीव्रता का था.
आसपास के 300 किलोमीटर क्षेत्र में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है. ग्वाटेमाला और मैक्सिको के कुछ तटीय इलाकों में 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है. भूकंप के झटके पड़ोसी देश ग्वाटेमाला और एल साल्वाडोर तक महसूस किए गए. ग्वाटेमाला सिटी में इमारतें हिलीं और लोग सड़कों पर निकल आए.
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में इमारतों के तेजी से हिलने और सामान गिरने के दृश्य दिख रहे हैं. मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबॉम ने बताया कि चियापास और ताबास्को राज्यों में अभी तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की खबर नहीं है. ग्वाटेमाला के राष्ट्रपति बर्नार्डो आरेवालो ने भी कहा कि अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
7.4 तीव्रता का भूकंप ‘मेजर’ श्रेणी में आता है, जो बड़े क्षेत्र में भारी तबाही मचा सकता है. अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और सुनामी चेतावनी का पालन करने की अपील की है. यह क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से सक्रिय है और पहले भी कई बार तीव्र भूकंप झेल चुका है.