जौनपुर: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पहली बार खुलकर स्वीकार किया कि ट्रंप प्रशासन ने जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों को जारी करने के तरीके में बड़ी गलती की है. जो रोगन एक्सपीरियंस पॉडकास्ट में वेंस ने कहा, "अगर लोग कहते हैं कि हमने एपस्टीन फाइलों को जारी करने में गड़बड़ी की, तो हम दोषी हैं. हमने सच में बहुत बड़ी गड़बड़ी की."
वेंस के अनुसार, सरकार ने लोगों की उम्मीदें बहुत ज्यादा बढ़ा दी थीं. लेकिन जब फाइलों में कोई बड़ा या चौंकाने वाला खुलासा नहीं हुआ, तो प्रशासन सही तरीके से इसकी व्याख्या नहीं कर पाया. समस्या कम्युनिकेशन स्ट्रेटजी (संचार रणनीति) में थी, न कि किसी जानकारी को छिपाने में. वेंस ने साफ कहा कि उनका मकसद कुछ छिपाना नहीं था, बल्कि फाइलों को सही तरीके से पेश करने में चूक हो गई.
वेंस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने जारी फाइलों को देखा है और ट्रंप के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला. इसके अलावा, वेंस ने दावा किया कि जेफ्री एपस्टीन के अमेरिकी और इजरायली इंटेलिजेंस एजेंसियों के "सबसे ऊंचे स्तर" के लोगों से संबंध थे.
उन्होंने एपस्टीन के इजरायली "डीप स्टेट" से कथित संबंधों पर भी बात की. यह बयान एपस्टीन फाइलों को लेकर चल रही लंबी राजनीतिक बहस के बीच आया है, जो अमेरिका में अब भी सुर्खियों में बना हुआ है.