कोलकाता: पश्चिम बंगाल BJP में एक दिलचस्प खबर सामने आई है. भाजपा नेता और फिल्म डायरेक्टर शंकुदेव पंडा ने पत्रकार स्वर्णाली सरकार के साथ गुपचुप शादी कर ली. रविवार को कोलकाता के लग्जरी होटल पोलो फ्लोटेल में आयोजित वेडिंग रिसेप्शन में राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सहित कई बड़े भाजपा नेताओं ने शिरकत की.
समारोह में केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और तापस रॉय समेत पार्टी के अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहे. मजूमदार ने एक्स पर समारोह की तस्वीरें शेयर करते हुए नए जोड़े को आशीर्वाद दिया. उन्होंने लिखा, “शंकुदेव पंडा और स्वर्णाली सरकार के वेडिंग रिसेप्शन में जाना और नए जोड़े को आशीर्वाद देना खुशी की बात रही. उन्हें जीवन भर प्यार, खुशी, स्वास्थ्य और समृद्धि मिले.”
शंकुदेव पंडा और स्वर्णाली सरकार के बीच रिश्ते की अटकलें काफी लंबे समय से चल रही थीं, लेकिन दोनों पक्षों ने कभी सार्वजनिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की थी. स्वर्णाली पहले ही सिंगल मदर बनने का फैसला कर चुकी हैं और उनकी दो बेटियां हैं. अब शंकुदेव इस परिवार का हिस्सा बन गए हैं.
शंकुदेव पंडा सिर्फ राजनेता ही नहीं, बल्कि फिल्म डायरेक्टर भी हैं. हाल ही में उन्होंने आरजी कर हॉस्पिटल रेप-मर्डर केस पर आधारित फिल्म बनाने का ऐलान किया है, जिसे राणा सरकार प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म की शूटिंग अगस्त में शुरू हो सकती है. यह शादी भाजपा कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि समारोह में पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया.