150 करोड़ की दौलत बनी मौत की वजह, बेटे ने पिता का 6 गोलियों से सीना किया छलनी, उतारा मौत के घाट

Global Bharat 16 Jul 2026 11:18: PM 1 Mins
150 करोड़ की दौलत बनी मौत की वजह, बेटे ने पिता का 6 गोलियों से सीना किया छलनी, उतारा मौत के घाट

गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. करीब 150 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक किसान हरिओम चौधरी (52) की उनके ही बड़े बेटे निखिल ने गोली मारकर हत्या कर दी. शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, घटना के पीछे लंबे समय से चला आ रहा संपत्ति विवाद और आरोपी की शराब की लत प्रमुख वजह मानी जा रही है.

बताया जा रहा है कि हरिओम चौधरी के पास लगभग 75 बीघा कृषि भूमि और दिल्ली-मेरठ रोड पर व्यावसायिक मार्केट समेत करोड़ों की संपत्ति थी. परिवार के अनुसार, हरिओम अपने बड़े बेटे निखिल को पहले ही करीब 25 बीघा जमीन और कुछ दुकानें दे चुके थे, ताकि उसके खर्च पूरे हो सकें, लेकिन निखिल लगातार पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था. हरिओम को आशंका थी कि बेटा नशे और गलत संगत की वजह से बाकी संपत्ति भी बर्बाद कर देगा, इसलिए उन्होंने रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया.

बुधवार देर रात निखिल कथित तौर पर शराब के नशे में घर पहुंचा. पिता ने उसे शराब पीने पर टोका तो दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि निखिल ने पिस्टल निकालकर पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. पुलिस के अनुसार, हरिओम को कई गोलियां लगीं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. आरोपी वारदात के बाद हथियार लेकर फरार हो गया.

जांच में यह भी सामने आया है कि निखिल का हिंसक व्यवहार पहले भी सामने आ चुका है। वर्ष 2018 में उसने अपने छोटे भाई निशु पर भी गोली चलाई थी, जिसमें वह घायल हुआ था. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कई टीमें आरोपी की तलाश में लगा दी हैं और संपत्ति विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

Ghaziabad Murder Case Hariom Chaudhary Murder Nikhil Property Dispute UP Crime News Father Son Murder Case

Description of the author

Recent News