नई दिल्ली/अलीगढ़: फेसबुक पर मुलाकात हुई एक पाकिस्तानी लड़की से प्यार का चक्कर इतना गहरा कि अलीगढ़ के एक युवक ने बिना वीजा के अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर दी. अब वह पाकिस्तान की कोट लखपत जेल में बंद है. परिवार का कहना है कि सजा पूरी हो चुकी है, लेकिन वापसी का इंतजार अब भी जारी है. अलीगढ़ के रहने वाले बदल बाबू दिल्ली में दर्जी का काम करते थे.
फेसबुक पर पाकिस्तान की रहने वाली सना नाम की महिला से उनकी दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. परिवार के अनुसार, सना से मिलने के लिए बदल बाबू ने अगस्त 2024 में पहली कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए. आखिरकार 15 अक्टूबर 2024 को वे बिना वीजा के पाकिस्तान पहुंच गए.
पाकिस्तान पहुंचने के बाद सना ने शादी से इनकार कर दिया. इसके बावजूद बदल वहां रुक गए और स्थानीय स्तर पर काम करने लगे. दिसंबर 2024 में बकरियां चराते समय उनकी भारतीय बोली सुनकर स्थानीय लोगों को शक हुआ. पुलिस को सूचना दी गई और बदल को गिरफ्तार कर लिया गया.
वायरल वीडियो और परिवार की चिंता
कोर्ट परिसर से एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें बदल परिवार से कह रहे थे, "चिंता मत करो, मैं अब नहीं लौटूंगा. मैंने कन्वर्ट कर लिया है." परिवार का दावा है कि यह वीडियो उनके वकील की मदद से बनाया गया था. परिवार ने आखिरी बार बदल से 30 अक्टूबर 2024 को बात की थी. उसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर ही उन्हें पता चला कि वह पाकिस्तान जेल में है.
परिवार का कहना है कि बदल ने अपनी सजा पूरी कर ली है, लेकिन कागजी कार्यवाही और प्रत्यावर्तन (Repatriation) की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण अभी भी लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद हैं. उन्होंने केंद्र सरकार, विदेश मंत्रालय और अलीगढ़ प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.
अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम ने पहले ही इस मामले में विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा था. लंदन में रह रही एक भारतीय मूल की महिला भी बदल के पाकिस्तानी वकीलों के साथ समन्वय कर रही हैं. यह मामला सोशल मीडिया पर प्यार के चक्कर में सीमा पार करने के खतरों का एक और उदाहरण बन गया है. बदल बाबू की वापसी के लिए परिवार अब सरकारी स्तर पर प्रयास कर रहा है.