सुपौल: बिहार के सुपौल में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर अस्मिता कुमारी ने अपने प्रेमी अजीत कुमार के साथ मिलकर अपने इंजीनियर पति देव कुमार गुंजन की हत्या की साजिश रची. इस मामले में पुलिस ने अस्मिता, उसके प्रेमी अजीत कुमार और कथित शूटर राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस जांच के अनुसार, देव कुमार और अस्मिता की शादी वर्ष 2018 में हुई थी. अधिकारियों का दावा है कि शादी के तुरंत बाद ही अस्मिता अपने पति से छुटकारा पाने की योजना बनाने लगी थी. इसी दौरान उसका अपने पुराने परिचित अजीत कुमार से संपर्क बढ़ा और दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश तैयार की.
जांच में सामने आया कि हत्या को अंजाम देने के लिए राजू कुमार नामक शूटर को 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी. आरोप है कि 11 जून को जनसाधारण एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान राजू ने देव कुमार गुंजन को गोली मार दी. घटना के बाद इसे ट्रेन में लूटपाट के दौरान हुई हत्या का रूप देने की कोशिश की गई, ताकि पुलिस का शक किसी और दिशा में जाए.
हालांकि, पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर दिया. पूछताछ और सबूतों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस के अनुसार, अस्मिता, देव कुमार और अजीत कुमार ने वर्ष 2017 में बिजली विभाग में एक साथ अपने करियर की शुरुआत की थी. बाद में देव और अस्मिता की शादी हुई, लेकिन शादी के बाद अस्मिता और अजीत के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं. पुलिस का कहना है कि इसी रिश्ते ने कथित तौर पर इस साजिश को जन्म दिया. मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.