वाशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा सैन्य टकराव अब और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर अमेरिकी वायुसेना ने ईरान पर रणनीति बदल दी है और पहली बार दिन के उजाले में हवाई हमले (Daylight Airstrikes) शुरू कर दिए हैं.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बुधवार को आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि सुबह 6 बजे ईरान पर हमलों की नई लहर शुरू की गई. इससे पहले अमेरिकी हमले मुख्य रूप से रात के अंधेरे में ही हो रहे थे.
क्यों बढ़ा तनाव?
दोनों देशों के बीच अंतरिम समझौता पूरी तरह टूट चुका है, जिसके बाद कूटनीति के रास्ते बंद हो गए हैं. अमेरिका का कहना है कि ये हमले ईरान की आक्रामकता का करारा जवाब हैं और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि दिन के उजाले में हमले अमेरिकी सेना की बढ़ती आक्रामकता को दर्शाते हैं, जिससे मध्य पूर्व में बड़े क्षेत्रीय युद्ध की आशंका और मजबूत हो गई है. स्थिति तेजी से बदल रही है. वैश्विक बाजार और तेल की कीमतों पर इसका असर देखा जा रहा है.