नई दिल्ली: दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी है. खुफिया जानकारी के आधार पर पता चला है कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) राजधानी के संवेदनशील इलाकों में बड़ा हमला करने की तैयारी कर रहा है.
मुख्य रूप से लाल किला के आसपास और चांदनी चौक के व्यस्त इलाके में कोई बड़ा धमाका हो सकता है. सूत्रों के अनुसार, आतंकी विशेषकर चांदनी चौक के एक प्रसिद्ध मंदिर को अपना निशाना बना सकते हैं. साथ ही, देश भर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी खतरे की आशंका जताई जा रही है.
यह साजिश कथित तौर पर 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट का बदला लेने के मकसद से रची जा रही है. आतंकी IED (स्वनिर्मित विस्फोटक उपकरण) के जरिए हमला करने की फिराक में बताए जा रहे हैं.
इस खतरनाक स्थिति को देखते हुए लाल किला परिसर और आस-पास के इलाकों में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ा दी गई है. सीसीटीवी कैमरों की निगरानी तेज कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. सुरक्षा बलों ने आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें. किसी भी संदिग्ध चीज, बैग, वाहन या व्यक्ति के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करें.
गौरतलब है कि पिछले साल 10 नवंबर 2025 को भी लाल किला के नजदीक एक कार में हुए भीषण विस्फोट में कई लोगों की जान गई थी और दर्जनों घायल हुए थे. उस घटना के बाद से ही इस इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही सख्त थी, लेकिन अब नई जानकारी के बाद और ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है.