अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को हुई अहम बैठक में राम मंदिर के लिए पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है. रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. बैठक अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के मणिरामदास छावनी स्थित आवास पर हुई. एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनकी भूमिका के लिए स्वतंत्रता दिवस 2025 पर उत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया था. इससे पहले 2024 में अति विशिष्ट सेवा पदक और 2013 में विशिष्ट सेवा पदक मिल चुका है.
तीन नए सदस्य भी शामिल
ट्रस्ट में रिक्त तीन सदस्य पदों को भी भरा गया. महेश भागचंद, मदनमोहन पांडेय और निर्मला यादव को नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया. इससे पहले चढ़ावा चोरी प्रकरण में मुकदमा दर्ज होने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया था, जिन्हें 6 जुलाई की बैठक में स्वीकार कर लिया गया था.
सर्च कमेटी ने सौंपा था पैनल
मंगलवार को सर्च कमेटी ने ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास को सीईओ के नामों का पैनल सौंप दिया था. समिति में जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और वैज्ञानिक सुरेश हावड़े शामिल थे. बैठक में कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, विहिप के पदाधिकारी और कई अन्य सदस्य मौजूद रहे. कुछ सदस्य ऑनलाइन जुड़े. ट्रस्ट की धार्मिक न्यास समिति, निर्माण समिति, प्रबंध समिति और वित्त एवं ऑडिट समिति के पुनर्गठन पर भी विचार-विमर्श किया गया.