''खान ने मेरे भाई की हत्या करवाई...'' जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद ने लगाए आरोप

Amanat Ansari 15 Jun 2026 04:58: PM 1 Mins
''खान ने मेरे भाई की हत्या करवाई...'' जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद ने लगाए आरोप

पटना: बिहार के कोचिंग जगत में चल रहे तीखे विवाद ने एक बार फिर चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है. ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद को खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में तोड़फोड़ के मामले में सोमवार को जमानत मिलते ही उन्होंने फैजल खान उर्फ खान सर पर अपने भाई प्रिंस यादव की हत्या करवाने का बड़ा आरोप लगाया है.

रौशन आनंद ने जेल से बाहर निकलते ही मीडिया से बातचीत में दावा किया, "मेरे खिलाफ साजिश रची गई. फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने मिलकर मेरे भाई प्रिंस यादव की हत्या करवाई. जब मैं जेल में था, तभी मेरे भाई की हत्या हुई. बाहर होने पर ऐसा कुछ नहीं हुआ था."

रौशन आनंद ने लगाए ये आरोप...

  • खान सर ने झूठ बोलकर फायरिंग का मामला बनाया, जबकि CCTV में सच्चाई दिख रही है.
  • खान सर पर राजनीतिक संरक्षण का आरोप, करोड़ों रुपए खर्च कर उन्हें जेल भिजवाने की साजिश.
  • जेल में गार्ड के जरिए उनकी हत्या की कोशिश की गई.
  • प्रिंस यादव की मौत की CBI जांच और दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग.

दो जून को खान ग्लोबल कोचिंग में हुई तोड़फोड़ के बाद प्रिंस यादव नेपाल चले गए थे, जहां शनिवार रात उनकी संदिग्ध मौत हो गई. तेजस्वी यादव ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, जबकि तेज प्रताप यादव ने सीधे खान सर पर हत्या का आरोप लगाया. BJP सांसद मनोज तिवारी ने कोचिंग संस्थानों में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और 'कोचिंग माफिया' की छवि पर चिंता जताई.

उधर फैजल खान ने प्रिंस यादव की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की अपील की है. कोर्ट ने दोनों टीचर्स को 'गुरु' की तरह व्यवहार करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करने की सलाह दी है. यह पूरा मामला बिहार के कोचिंग उद्योग में गहरी दरार और सियासी उबाल को दिखाता है. पुलिस जांच जारी है, लेकिन आरोप-प्रत्यारोप से माहौल और गर्म हो गया है.

Khan Sir Roshan Anand Gyan Bindu Coaching Khan Global Coaching Institute

Recent News