नई दिल्ली: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि राज्य में अब गुंडों और माफिया के लिए कोई जगह नहीं बचेगी. एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने चेतावनी दी, "जो अपराधी भाग चुके हैं, उन्होंने अपनी जान बचा ली, लेकिन जो अभी भी यहां हैं, उन्हें तीन महीने के भीतर या तो राज्य से बाहर कर दूंगा या जेल पहुंचा दूंगा."
सम्राट चौधरी ने अपराध नियंत्रण को सफाई अभियान से जोड़ा और कहा कि जैसे कचरा साफ किया जाता है, वैसे ही अपराधियों को बिहार से हटाया जा रहा है. उनका दावा था कि कई बड़े अपराधी डर के मारे पहले ही भाग गए हैं और बाकी को जल्द ही सलाखों के पीछे या राज्य की सीमा पार पहुंचाया जाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार के लोग शांतिप्रिय हैं और सुशासन चाहते हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व राज्य की छवि को धूमिल करते रहे हैं, अब ऐसा नहीं चलेगा.
पूर्व केंद्रीय मंत्री जय नारायण निषाद की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा. उन्होंने पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले बाढ़ न आने पर मछली कैसे खाएंगे जैसे बयान दिए जाते थे, लेकिन नीतीश कुमार की सरकार में बिहार मछली उत्पादन में कई राज्यों को पीछे छोड़ चुका है. जल्द ही बिहार से अन्य राज्यों में मछली निर्यात होने लगेगा.
बिजली सब्सिडी पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना पर सरकार करीब 19 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है, जो पहले की तुलना में 3 हजार करोड़ अधिक है. तंज कसते हुए कहा कि इस योजना का लाभ विपक्षी नेताओं को भी मिल रहा है, लालू यादव के घर में भी मुफ्त बिजली जल रही है.
उपमुख्यमंत्री ने NDA सरकार के विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि अपराध खत्म करने के साथ-साथ बिहार को आत्मनिर्भर बनाना भी लक्ष्य है, ताकि युवाओं को पलायन न करना पड़े. शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर फोकस करते हुए उन्होंने बताया कि पहले गिने-चुने मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज थे, अब हर जिले में ऐसे संस्थान खुल रहे हैं. युवाओं से अपील की कि पढ़ाई पर ध्यान दें और अपने क्षेत्र में सफल होकर बिहार का नाम रोशन करें, क्योंकि युवा ही राज्य के सच्चे ब्रांड एंबेसडर हैं.