कटनी: मध्य प्रदेश पुलिस में चर्चित DSP नेहा पच्चीसिया पर एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. एक ट्रांसपोर्टर ने उन पर वाहन चेकिंग के दौरान 30 हजार रुपए की अवैध वसूली का आरोप लगाया है. मामले की शिकायत मिलते ही कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने तुरंत एक्शन लिया.
ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन ने शिकायत में कहा कि 21-22 जुलाई की रात उनकी हाईवा गाड़ी को रोका गया. DSP नेहा पच्चीसिया ने 30 हजार रुपए मांगे, जिसमें से 25 हजार रुपए मौके पर और 5 हजार रुपए बाद में चालक के जरिए लिए गए. शिकायतकर्ता ने सबूत भी सौंपे हैं.
DSP नेहा पच्चीसिया के कार्यभार से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थाना छीन लिए गए. उनके ड्राइवर केशव सिंह और एक कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया. पूरे मामले की जांच एएसपी कमल मौर्य को सौंपी गई है.
DSP नेहा पच्चीसिया पहले भी अपनी फिटनेस और स्टाइल के लिए चर्चा में रह चुकी हैं. इस मामले की जांच अभी जारी है और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी. ट्रांसपोर्टर ने निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस विभाग पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एक्शन दिखा रहा है.