भारत के बेहतरीन सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट को कहा अलविदा, भावुक पोस्ट लिखकर ये कहा...

Global Bharat 24 Aug 2024 12:33: PM 2 Mins
भारत के बेहतरीन सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट को कहा अलविदा, भावुक पोस्ट लिखकर ये कहा...

भारत के बेहतरीन सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. यानी अब आपको शिखर धवन अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मैच में खेलते हुए नहीं दिखेंगे. संन्यास के लिए शिखर धवन ने शोसल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम को चुना, जहां उन्होंने संन्यास की घोषणा की और एक भावनात्मक संदेश साझा किया.

धवन ने अपने शानदार करियर में उनका साथ देने वाले सभी लोगों को शुक्रिया कहा. उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा कि मैं उस मुकाम पर खड़ा हूं, जहां जब मैं पीछे देखता हूं, तो मुझे सिर्फ यादें और आगे की ओर देखने पर एक नई जिंदगी नजर आती है. भारत के लिए खेलना हमेशा से मेरा सपना था और मैं इसे जी पाया. इसके लिए मैं बहुत से लोगों का शुक्रगुजार हूं.

शिखर धवन ने आगे लिखा कि सबसे पहले, मेरा परिवार, मेरे बचपन के कोच और फिर मेरी टीम जिसके साथ मैंने इतने सालों तक खेला. मुझे एक नया परिवार, शोहरत और प्यार मिला. लेकिन कहा जाता है कि आगे बढ़ने के लिए आपको पन्ने पलटने की जरूरत होती है. पोस्ट में उन्होंने लिखा कि मैं अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं. अपने क्रिकेट सफर को अलविदा कहते हुए, मेरे दिल में शांति है. मैंने अपने देश के लिए बहुत खेला. मैं खुद से यही कहता हूं कि आपको अपने देश के लिए दोबारा नहीं खेलने पर परेशान होने की जरूरत नहीं है, बल्कि खुश रहें कि आपको ऐसा करने का मौका मिला.

बता दें कि अपने शानदार करियर में शिखर धवन ने कई बार अच्छी पारी खेली और बल्ले से रनों की बरसात की. साथ ही शिखर ने सभी प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया, शिखर धवन ने 167 मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 44.1 की औसत से कु 6793 रन बनाए, जिसमें 17 शतक और 39 अर्द्धशतक शामिल हैं. क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में, जहां उन्होंने मुरली विजय के साथ यादगार साझेदारियां कीं. इस दौरान उन्होंने ने 34 मैचों में 40.6 की औसत से 2315 रन बनाए. धवन के टेस्ट करियर में सात शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं.

वहीं टी-20 प्रारूप में शिखर धवन ने 68 मैच खेले और 27.9 की औसत से कुल 1759 रन बनाए, जिसमें 11 अर्द्धशतक शामिल हैं. घरेलू मैच में शिखर धवन ने 122 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच खेले और 44.26 की औसत से कुल 8499 रन बनाए, जिसमें 25 शतक और 29 अर्द्धशतक शामिल हैं. लिस्ट ए में धवन ने 302 मैच खेले और 43.90 की औसत से 12074 रन बनाए.

Recent News