हैदराबाद: सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी (SVPNPA) में ट्रेनिंग कर रही 30 वर्षीय IPS ने अपने ही बैचमेट उदय कृष्ण रेड्डी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला अधिकारी ने 18 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई, जिसमें स्टॉकिंग, मारपीट, धमकी और बिना सहमति के निजी वीडियो बनाने का आरोप शामिल है.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66E और 67A के तहत मामला दर्ज कर लिया है. सुमा के अनुसार, उत्पीड़न की शुरुआत 23 जून को हुई जब आरोपी ने व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश भेजे और अन्य ट्रेनियों के सामने उनकी बदनामी की. आरोपी ने उन्हें दूसरे ट्रेनी के साथ रिलेशनशिप होने का आरोप लगाया और जबरन इसकी स्वीकारोक्ति मांगी.
मामला और गंभीर तब हुआ जब 8 जुलाई को आरोपी ने सुमा का मोबाइल जबरन छीन लिया, पासवर्ड मांगा और उनका निजी चैट देखा. 9 जुलाई को उसने उन्हें अपने कमरे में घसीटा, बाल खींचे, गला घोंटने की कोशिश की, चाकू दिखाया और कंडोम के पैकेट उनके ऊपर फेंके. अगले दिन फिर से मारपीट और अनुचित छेड़छाड़ की कोशिश की गई.
सबसे गंभीर आरोप यह है कि आरोपी ने बिना सहमति के उनका निजी वीडियो बनाया और ब्लैकमेल करने के लिए उनके पति को भेज दिया. आरोपी पर उनके चरित्र को खराब करने और झूठी अफवाहें फैलाने का भी आरोप है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है. यह मामला पुलिस प्रशिक्षण अकादमी जैसे संवेदनशील माहौल में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाता है.