कर्नाटक : बेंगलुरु में सियासी हलचल तेज हो गई है। कर्नाटक सरकार में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। राज्य के मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सभी मंत्रियों को नाश्ते पर बुलाया था और इस्तीफा देने से पहले सहयोग के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं. इस बयान के बाद कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें और तेज हो गई हैं.
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान ने सत्ता परिवर्तन का फैसला लगभग तय कर लिया है और अब डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी चल रही है. बेंगलुरु में डीके शिवकुमार समर्थकों के बीच जश्न का माहौल भी देखा गया.
बताया जा रहा है कि कांग्रेस के भीतर लंबे समय से चल रहा रोटेशन फॉर्मूला अब लागू किया जा सकता है. इसी के तहत सिद्धारमैया पद छोड़ सकते हैं और डीके शिवकुमार को राज्य की कमान सौंपी जा सकती है. हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
कर्नाटक की राजनीति में यह बदलाव कांग्रेस के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि 2023 चुनाव में जीत के बाद से ही दोनों नेताओं के बीच सत्ता साझेदारी की चर्चा लगातार होती रही है.