चांदी 5,000 रुपए महंगी, सोने में भी उछाल; जानिए ताजा भाव

Amanat Ansari 22 May 2026 12:38: AM 1 Mins
चांदी 5,000 रुपए महंगी, सोने में भी उछाल; जानिए ताजा भाव

नई दिल्ली: गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में उछाल दर्ज किया गया. अमेरिका-ईरान के बीच चल रही कूटनीतिक बातचीत से सकारात्मक संकेत मिलने और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से महंगाई बढ़ने की आशंका के चलते स्पॉट मार्केट में दोनों कीमती धातुओं में तेजी आई.

दिल्ली सर्राफा बाजार में आज का भाव

99.9% शुद्ध सोना 600 रुपे की बढ़ोतरी के साथ 1,65,500 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पहुंच गया. यह लगातार तीसरे सत्र में हुई बढ़त है. चांदी में दो दिन की गिरावट के बाद जोरदार रिकवरी हुई और यह 5,000 रुपए महंगी होकर 2,71,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.

क्यों बढ़ी कीमतें?  

  • अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर बाजार में उम्मीदें बढ़ी हैं.  
  • निवेशकों को लग रहा है कि अगर बातचीत सफल रही तो मध्य पूर्व में तनाव कम हो सकता है.  
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सकारात्मक बयान ने भी बाजार का सेंटिमेंट सुधारा.  
  • इसके अलावा, अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में नरमी आने से भी चांदी को सपोर्ट मिला.
  • हालांकि, सरकार द्वारा हाल ही में कीमती धातुओं पर आयात शुल्क 15% करने के बाद बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है.

फ्यूचर्स बाजार में उलटा माहौल

  • स्पॉट मार्केट के उलट, MCX पर फ्यूचर्स में गिरावट देखी गई.  
  • जून सोना 896 रुपए टूटकर 1,59,110 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया.  
  • जुलाई चांदी करीब 2% गिरकर 2,69,300 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई.

विश्लेषकों के अनुसार, रुपए की मजबूती आने से अंतरराष्ट्रीय कीमतों का असर घरेलू बाजार पर कम पड़ा. कॉमेक्स पर सोना 1% गिरकर 4,512 डॉलर प्रति औंस और चांदी करीब 3% टूटकर 75.35 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. आने वाले दिनों में सोना-चांदी की दिशा अमेरिका-ईरान वार्ता, कच्चे तेल की कीमतें और रुपए के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करेगा.

Gold Prices Silver Prices Stock Market Latest Gold Prices Latest Silver Prices