नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में सब लोग हैरान रहते थे, क्योंकि कुछ लड़कों का एक गैंग था जो महंगी घड़ियां पहनते थे, ब्रांडेड कपड़े और जूते इनके पास होते थे, कुछ ही दिनों में महंगी बाइकों को भी बदल-बदल कर लाया करते थे, लोग सोचते थे कि अय्याशी के लिए इनके पास इतने पैसे आते कहां से थे. क्योंकि इन लोगों में कुछ नाबालिग भी शामिल थे. पर जब ये लोग पुलिस के हत्थ चढ़े तो जो सच सामने आया उसे देख कर हर कोई हैरान रह गया, लोगों को अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हो रहा था कि ऐसा भी हो सकता है.
एक केस की जांच करते समय हुआ खुलासा
एसपी मनीष खत्री ने इस गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि शहर में हो रहे महिला अपराधों की जांच करते समय दो आरोपियों के नाम सामने आए थे, जब पुलिस ने इन्हें शिकंजे में लिया तो चौंकाने वाला खुलास हुआ, इन लोगों के तार वाहन चोर गिरोह के साथ भी जुड़े हुए थे, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक विन्ध्यनगर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया, जब इस टीम ने पूरे मामले की गहनता से जांच पड़ताल क तो पूरा सच खुल कर सामने आ गया. पुलिस ने इस दौरान 5 लोगों को गिरफ्तार किया, पकड़ गए शातिरों में 2 नाबालिग भी शामिल हैं. सिर्फ इतना ही नहीं इनके पास से 20 नई बाइक भी बरामद हुई हैं. जो हाल ही में चोरी की गई थीं. इन बाइकों की कीमत 25 लाख रुपये से भी ज्यादा आंकी जा रही है.
लग्जरी लाइफ जीने का था शौक
पुलिस ने पूरा खुलासा करते हुए बताया है कि पकड़े गए आरोपियों को लग्जरी लाइफ जीने का शौक था, इन्हें रोज नई-नई महंगी बाइकें चाहिए होती थीं, पहनने के लिए नए ब्रांडेड जूते, कपड़े भी चाहिए थे. अपने इन्हीं शौकों को पूरा करने के लिए ये लोग चोरी का काम करने लगे. ये लोग दिनभर मार्केट में घूमते थे, और वहीं अपना टारगेट सेट करते थे, जो भी बाइक नई दिखाई देती थी ये लोग उसे प्लान बना कर चोरी कर लेते थे, बाइक की नंबर प्लेट चेंज कर दी जाती था, चेसिस नंबर भी घिस कर हटा दिया जाता था, कुछ बाइकों को बेच देते थे, जबकि कुछ को अपने इस्तेमाल के लिए रख लेते थे बाद में जब उससे बोर होते थे तो उसे बेच कर दूसरी बाइक चोरी कर लेते थे.