सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने श्रद्धा के माहौल को मातम में बदल दिया. कांवड़ियों के साथ चल रहा ऊंचा DJ वाहन रास्ते में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। जैसे ही DJ का ऊपरी हिस्सा बिजली के तार से टकराया, पूरे वाहन में तेज करंट दौड़ गया. मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई कांवड़िये करंट की चपेट में आ गए.
शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि जिन दो युवकों की मौत हुई, वे सामान्य कांवड़िये नहीं थे, बल्कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षा नियमों और सावधानियों के प्रति जागरूक करने वाली टीम का हिस्सा थे. उनकी मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब DJ वाहन हाईटेंशन लाइन के नीचे से गुजर रहा था. ऊंचाई अधिक होने के कारण DJ का ढांचा बिजली के तार से छू गया और सेकेंडों में करंट पूरे वाहन में फैल गया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली विभाग और पुलिस को सूचना दी. बिजली आपूर्ति बंद कर घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा के दौरान DJ वाहनों की ऊंचाई और हाईटेंशन लाइनों को लेकर प्रशासन पहले भी दिशा-निर्देश जारी करता रहा है. कई जिलों में DJ ऑपरेटरों को वाहन की ऊंचाई तय सीमा में रखने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई थी, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.