Stampede in Kalash Yatra: ग्वालियर जिले के डबरा कस्बे में मंगलवार को एक बड़ी धार्मिक सभा के दौरान दुखद घटना घटी. नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पहले दिन निकाली गई कलश यात्रा में अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई, जबकि कई अन्य श्रद्धालु जख्मी हो गए. मृतक महिला की पहचान रति साहू के रूप में हुई है, जो हनुमान कॉलोनी की निवासी थीं और उम्र करीब 70 वर्ष बताई जा रही है. घायलों में ज्यादातर महिलाएं हैं, जिनमें से एक की हालत अभी भी नाजुक है.
सभी घायल लोगों को पहले डबरा के स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से कुछ को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया. यह पूरा आयोजन पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन में हो रहा है, जिसमें भारी संख्या में भक्तजन पहुंचे थे. कलश वितरण शुरू होते ही भीड़ इतनी बढ़ गई कि स्थिति बेकाबू हो गई. लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे अफरा-तफरी फैल गई.
हादसे के बाद मृतका के परिवार वाले बेहद आक्रोश में थे. उन्होंने शव को लेकर आयोजन स्थल पर पहुंचकर प्रशासन की कड़ी निंदा की और कहा कि बेहतर इंतजाम और भीड़ प्रबंधन होता तो यह त्रासदी टल सकती थी. पुलिस और जिला प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, एंबुलेंस भेजी गई और जांच शुरू कर दी गई है.
अभी तक भगदड़ की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन आयोजकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे. इस घटना से इलाके में शोक की लहर है और लोग अब सख्त कार्रवाई व भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बेहतर व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 20 फरवरी तक निर्धारित है, लेकिन इस हादसे ने सबको झकझोर दिया है.