चेन्नई: तमिलनाडु के सरकारी स्कूलों में अब मिड-डे मील में सादा खाना नहीं, बल्कि हफ्ते में एक दिन स्वादिष्ट चिकन बिरयानी परोसी जा सकती है. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार इस आकर्षक प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रही है. स्कूल शिक्षा मंत्री ए. राजमोहन ने बताया कि टीचर एसोसिएशन्स के सुझाव पर यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया है.
सरकार इसके व्यावहारिक पहलुओं और बजट पर चर्चा कर रही है. यदि प्रस्ताव मंजूर होता है तो छात्रों को पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन मिलेगा, जिससे स्कूलों में उपस्थिति भी बढ़ने की उम्मीद है. टीचर एसोसिएशन्स ने बैठक में यह मांग रखी.
उन्होंने कहा कि मौजूदा मिड-डे मील में दिए जाने वाले चावल की गुणवत्ता सुधारने के साथ ही भोजन को और आकर्षक बनाने की जरूरत है. साथ ही, मुख्यमंत्री नाश्ता योजना को भी क्लास 12वीं तक बढ़ाने और दोपहर के भोजन कर्मचारियों की जिम्मेदारियों व सेवाओं को नियमित करने की मांग की गई.
सरकारी सूत्रों के मुताबिक प्रस्ताव को सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है. हालांकि, अंतिम फैसला लेने से पहले सामाजिक कल्याण विभाग से भी चर्चा की जाएगी. यह बदलाव 5 अगस्त को पेश होने वाले राज्य बजट में या उसके बाद घोषित हो सकता है. यह कदम छात्रों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने और शिक्षा को और आकर्षक बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है.