देश में एक के बाद एक कई ट्रेन हादसे हो रहे हैं. ताजा मामला बिहार के बक्सर से जुड़ा हुआ है, जहां मगध एक्सप्रेस की कपलिंग टूट जाने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई. गनीमत यह रही कि जान-माल का नुकसान नहीं हुआ. जानकारी मिली है कि बक्सर के तुरीगंज और रघुनाथपुर रेलवे स्टेशनों के बीच करीब 11.08 बजे मगध एक्सप्रेस सुपरफास्ट की कपलिंग टूट गई, जिससे ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई. ट्रेन नई दिल्ली से इस्लामपुर जा रही थी.
यह भी पढ़ेंः हाथरस में दर्दनाक सड़क हादसा, नहीं थम रहा मौतों का आंकड़ा, हाथरस SP ने दिया अपडेट
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शारस्वती चंद्रा ने इसे लेकर जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि यह घटना तब हुई जब नई दिल्ली से इस्लामपुर जा रही मगध एक्सप्रेस (20802) की कपलिंग अचानक टूट गई. सूचना मिलते ही बचाव दल के साथ-साथ तकनीकी दल भी मौके पर पहुंचे. घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
इससे पहले मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार सुबह रेल हादसा हो गया था. जहां सोमनाथ एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतर गए थे. ये हादसा जबलपुर स्टेशन से करीब 200 मीटर पहले हुआ. ट्रेन की गति कम होने की वजह से बड़ी दुर्घटना होने से टल गयी. फिलहाल इस दुर्घटना में किसी भी तरह के जान-माल की हानि की सूचना नहीं है. मामले की जांच जारी है.
पश्चिम मध्य रेलवे के सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि इंदौर से आ रही ट्रेन, जब जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 की ओर बढ़ रही थी, तभी 2 डिब्बे पटरी से उतर गए. हालांकि ट्रेन की गति धीमी थी. उन्होंने कहा कि किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है, सभी यात्री सुरक्षित हैं. घटना करीब 6 बजे घटित हुई. ट्रेन के 2 डिब्बे प्लेटफॉर्म से करीब 150 मीटर दूर ही पटरी से उतर गए.