दो सीटों पर चुनाव लड़े शुभेंदु अधिकारी, जानिए कौन सी सीट छोड़ी और कहां से रहेंगे विधायक

Amanat Ansari 13 May 2026 04:23: PM 1 Mins
दो सीटों पर चुनाव लड़े शुभेंदु अधिकारी, जानिए कौन सी सीट छोड़ी और कहां से रहेंगे विधायक

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा की दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी. अब उन्होंने नंदीग्राम सीट खाली कर दी है और भवानीपुर से ही विधायक के रूप में बने रहेंगे. उन्होंने भवानीपुर विधायक के रूप में विधानसभा में शपथ भी ले ली है.

शुभेंदु ने भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर यह सीट जीती थी. दोनों सीटों से जीतने के बाद उन्होंने कहा था कि 10 दिनों के अंदर एक सीट छोड़ देंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि अंतिम फैसला पार्टी लेगी, हालांकि अपनी राय वह नेतृत्व के सामने रखेंगे.

नंदीग्राम में शुभेंदु की जीत का अंतर

नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के पबित्र कर को हराया. उन्हें 1,27,301 वोट मिले जबकि TMC उम्मीदवार को 1,17,636 वोट मिले. इस तरह शुभेंदु करीब 9,665 वोटों से जीते. अन्य उम्मीदवारों को बहुत कम वोट मिले.

भवानीपुर में ममता को दी पटखनी

भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी ने 73,917 वोट हासिल किए, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट मिले. शुभेंदु ने यहां ममता को 15,105 वोटों से हराया. याद रहे कि 2021 में भी शुभेंदु ने नंदीग्राम से ममता को हराया था.

नंदीग्राम का राजनीतिक महत्व

नंदीग्राम को लंबे समय तक ममता बनर्जी का गढ़ माना जाता रहा, लेकिन हाल के चुनावों में स्थिति बदल गई. शुभेंदु अधिकारी के लिए यह सीट खास है क्योंकि 2007 में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन की अगुवाई उन्होंने ही की थी. इस सीट को वह अपना गढ़ मानते हैं. शुभेंदु अधिकारी अब भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल आगे बढ़ाएंगे.

Suvendu Adhikari West Bengal Mamata Banerjee Bhawanipur seat Nandigram seat

Recent News