कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सड़क पर नमाज़ पढ़कर यातायात बाधित करने, बवाल करने की कोशिश करने और माहौल बिगाड़ने वालों को उल्टा टांगकर सीधा कर दिया जाएगा.
सीएम ने कहा कि सड़कें आम लोगों के आने-जाने के लिए हैं, न कि ताकत प्रदर्शन या अराजकता फैलाने के लिए, जो लोग धार्मिक गतिविधियों या भीड़ के जरिए कानून को चुनौती देने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार राज्य में कानून का राज स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की अराजकता को जड़ से खत्म किया जाएगा.
अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि पहले घुसपैठियों की पहचान वोटर लिस्ट में हुई, फिर उनके नाम हटाए गए और अब उन्हें डिपोर्ट करने की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने दावा किया कि बंगाल को हिंसा, तुष्टिकरण और अवैध गतिविधियों से मुक्त कराया जाएगा. सीएम ने कहा कि जो लोग दंगे, पत्थरबाजी और सड़क पर बवाल कर राज्य का माहौल खराब करना चाहते हैं, उन्हें कानून का असली मतलब समझाया जाएगा.