स्वप्निल कुसाले ने गुरुवार को पेरिस ओलंपिक में 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन इवेंट में कांस्य पदक जीतकर भारत को एक और पदक दिला दिया है. कुसाले ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 451.4 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया. स्वप्निल क्वालीफाइंग राउंड में 38 इनर 10 (एक्स) सहित कुल 590 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे थे. इसी के साथ स्वप्निल पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन स्पर्धा में ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय निशानेबाज बन गए हैं.
50 मीटर राइफल 3 पोजीशन इवेंट के फाइनल में स्वप्निल कुसाले नीलिंग स्टेज के अंत में 153.3 पर छठे स्थान पर थे. लेकिन प्रोन स्टेज के अंत तक, वह कुल 310.1 के साथ पांचवें स्थान पर थे. इस समय, तीसरे स्थान पर रहने वाले यूक्रेन के सेरही कुलिश और कुसाले के बीच 0.6 का अंतर है. लेकिन पहले पांच स्टैंडिंग शॉट्स में कुसाले ने 51.1 शॉट लगाए और चौथे स्थान पर पहुंच गए, जिससे वह तीसरे स्थान से 0.4 दूर हो गए और अंत में उन्होंने तीसरे स्थान पर आकर अपना गेम खत्म किया. यह खबर अपडेट की जाएगी.