उधम सिंह नगर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में एक प्रसिद्ध मंदिर में मास्क पहने चोरों ने रात में घुसपैठ की और दान की कई पेटियां चुराकर नकदी लेकर भाग गए. पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि इस चोरी की सबसे अजीब बात यह थी कि आरोपियों ने अपराध करने से ठीक पहले देवी के सामने प्रार्थना की. पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे तब हुई जब मंदिर का एक सेवक रुद्रपुर के आटरिया माता मंदिर को खोलने आया.
रूटीन चेकिंग के दौरान उसने देखा कि कई दान पेटियां अपनी जगह से गायब थीं, जबकि कुछ की ताले तोड़ दिए गए थे. उसने तुरंत मंदिर के उपाध्यक्ष पंकज गौर और मैनेजर अरविंद शर्मा को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया. पुलिस टीम जल्दी मौके पर पहुंची. सीसीटीवी फुटेज में चौंकाने वाला सीन कैद हुआ. चोरी करने से पहले एक आरोपी ने देवी की मूर्ति के सामने सिर झुकाया, हाथ जोड़े प्रार्थना की, फिर दान पेटी उठाई और भाग गया. ये वीडियो अब वायरल हो रहा है.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दौलत राम आर्य के अनुसार, चोरी में कुल पांच दान पेटियां निशाना बनीं. सीसीटीवी में दो संदिग्ध दिख रहे हैं, लेकिन दोनों ने चेहरा कपड़े से ढक रखा था, जिससे पहचान मुश्किल है. पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा जता रही है. मंदिर मैनेजर अरविंद शर्मा ने बताया कि पांच में से चार दान पेटियों के ताले तोड़कर उनमें रखी नकदी चुराई गई, जबकि एक पूरी पेटी ही उठाकर ले गए.
उन्होंने यह भी कहा कि घटना से एक दिन पहले एक संदिग्ध व्यक्ति वाहन से मंदिर परिसर की रेकी करता दिखा था, जिसकी भी पुलिस जांच कर रही है. मंदिर प्रबंधन ने आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा तक सावधानी के तौर पर आम भक्तों के मंदिर परिसर में प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है.