अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में रिक्त सदस्य पदों को भरने के लिए बुधवार को मणिराम दास छावनी में अनौपचारिक बैठक चल रही है. सूत्रों के अनुसार, तीन नामों पर लगभग सहमति बन गई है. महेश भागचंद, मदनमोहन पांडेय और उर्मिला चतुर्वेदी. हालांकि, अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है. औपचारिक बैठक में कोरम पूरा होने के बाद ही इन नामों पर आधिकारिक मुहर लगेगी.
कौन हैं ये तीनों?
महेश भागचंद अशोक सिंघल फाउंडेशन के संस्थापक ट्रस्टी हैं. राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान वह यजमानों में शामिल रहे थे. उर्मिला चतुर्वेदी जबलपुर की रहने वाली हैं. उन्होंने राम मंदिर निर्माण के संकल्प के साथ करीब 28 वर्षों तक उपवास रखा था और 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर के भूमिपूजन के दिन अपना उपवास समाप्त किया था. सूत्रों के मुताबिक, इन तीनों नामों को विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व महासचिव चंपत राय के करीबी लोगों के रूप में देखा जाता है.
बैठक में कौन शामिल?
अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, विहिप के केंद्रीय पदाधिकारी दिनेश, कमलनयन दास, दिनेन्द्र दास, कृष्ण मोहन और विहिप राष्ट्रीय महामंत्री बीएल बांगड़ा समेत कई सदस्य बैठक में मौजूद रहे. शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती, विश्व प्रसन्न तीर्थ, युगपुरुष स्वामी परमानंद, केशव पारासरन, शशांक त्रिपाठी, नृपेन्द्र मिश्र, प्रशांत लोखंडे और संजय प्रसाद ऑनलाइन जुड़े. कुछ ऑनलाइन सदस्य अभी शामिल नहीं हुए हैं. जब निर्धारित संख्या में सदस्य उपस्थित होंगे और कोरम पूरा होगा, तभी औपचारिक बैठक में नए सदस्यों के नाम पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.