''सिर कलम करने वाले को 1 करोड़ इनाम!'' TMC सांसद सायोनी घोष ने मोदी-शाह से लगाई गुहार

Amanat Ansari 19 May 2026 09:25: PM 1 Mins
''सिर कलम करने वाले को 1 करोड़ इनाम!'' TMC सांसद सायोनी घोष ने मोदी-शाह से लगाई गुहार

नई दिल्ली: 'काबा-मदीना' गाने को लेकर चर्चा में आई पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सांसद सायोनी घोष ने अब अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य शीर्ष नेताओं से सुरक्षा की अपील की है. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद नगर पालिका चेयरमैन और भाजपा नेता डॉ. प्रदीप दीक्षित ने सार्वजनिक रूप से सायोनी घोष का सिर कलम करने वाले व्यक्ति को 1 करोड़ रुपए का इनाम देने की घोषणा कर दी.

इस विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सायोनी घोष ने एक्स पर एक लंबा पोस्ट लिखते हुए कहा, ''मैं हैरान हूं कि भाजपा शासित राज्य में एक भाजपा जनप्रतिनिधि खुलेआम एक महिला सांसद का सिर कलम करने का इनाम घोषित कर रहा है. क्या यही 'नारी शक्ति वंदन' का असली चेहरा है?'' सायोनी ने मांग की है कि आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ तत्काल कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई हो.

उनकी सुरक्षा बढ़ाई जाए. पश्चिम बंगाल पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस तुरंत संज्ञान लें. उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भी टैग करते हुए लिखा कि वे धमकियों से नहीं डरेंगी और संसद के अंदर व बाहर अपनी आवाज बुलंद रखेंगी.

यह घटना राजनीतिक गर्माहट के बीच आई है और सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है. फिलहाल भाजपा की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या कार्रवाई की खबर नहीं आई है.

Sayani Ghosh Sayani Ghosh PM Modi Sayani Ghosh Amit Shah Sayani Ghosh Reward

Recent News