चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री और DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन ने दावा किया है कि सी जोसेफ विजय की सरकार कभी भी गिर सकती है. उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी को हर समय चुनाव के लिए तैयार रहना चाहिए. यह दावा तमिलनाडु में सियासी अस्थिरता की अटकलों को और हवा दे रहा है.
स्टालिन ने अपने जिला सचिवों की बैठक में कहा, "मौजूदा सरकार कभी भी गिर सकती है. हार अस्थायी है. हमें तैयार रहना होगा. 2029 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी हो सकते हैं. हम वापसी करेंगे और फिर जीतेंगे."
पूर्व सीएम स्टालिन का आरोप
स्टालिन ने टीवीके (तमिलागा वेत्री कझगम) पर आरोप लगाया कि विजय की पार्टी ने कोई जमीनी काम नहीं किया, बल्कि सोशल मीडिया (खासकर इंस्टाग्राम) और बच्चों के जरिए परिवारों को प्रभावित करके चुनाव जीता. उन्होंने कहा कि DMK इस रणनीति को नहीं समझ पाई, लेकिन अब पार्टी पूरी तरह सतर्क हो गई है.
बता दें कि DMK ने चुनावी हार के विश्लेषण के लिए 36 सदस्यीय समिति बनाई है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगर सहयोगी दल (VCK, CPI, CPM, IUML) समर्थन वापस ले लें या AIADMK के बागी विधायकों को अयोग्य ठहराया जाए तो सरकार गिर सकती है. फिलहाल विजय सरकार की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.