कोलकाता : पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर हावड़ा पुलिस की कार्रवाई सुर्खियों में है. कुख्यात रंगदारी गिरोह से जुड़े आरोपी आकाश सिंह को पुलिस ने कथित तौर पर कच्छा-बनियान में शहर की सड़कों पर घुमाते हुए क्राइम रिकंस्ट्रक्शन कराया. आकाश सिंह पर पुलिस अधिकारी पर फायरिंग, रंगदारी वसूली और कई आपराधिक मामलों में शामिल होने के आरोप हैं.
पुलिस ने आरोपी को मालीपांचघरा और गोलाबाड़ी थाना क्षेत्रों में ले जाकर उन जगहों का दौरा कराया, जहां उसने कथित तौर पर अपराधों को अंजाम दिया था. अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रक्रिया का मकसद यह समझना था कि अपराध की साजिश कैसे रची गई, किन लोगों ने मदद की और घटनाओं को किस तरह अंजाम दिया गया.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जब आरोपी को घटनास्थलों पर ले जाया गया था, तब वह हाफ पैंट और टी-शर्ट में दिखाई दिया था. लेकिन अगले दिन पुलिस ने उसे दोबारा विभिन्न इलाकों में ले जाकर पूछताछ की, जहां उसके बाल और दाढ़ी कटे हुए थे और वह केवल कच्छा-बनियान में नजर आया. पूरे दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा.
हावड़ा पुलिस का दावा है कि इस क्राइम रिकंस्ट्रक्शन से कई पुराने मामलों में अहम सुराग मिले हैं और जांच को नई दिशा मिल सकती है. हालांकि, आरोपी को इस तरह सार्वजनिक रूप से घुमाने को लेकर बहस छिड़ गई है. सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश बता रहे हैं, जबकि कई लोगों ने मानवाधिकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं.