नई दिल्ली: एक टीवी अभिनेता को उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइन्स में एक हाउस पार्टी में कथित बलात्कार के मामले में गिरफ्तार किया गया है. डीसीपी (उत्तर) राजा ने कहा, "हमने टीवी अभिनेता आशीष कपूर को पुणे से गिरफ्तार किया है."
अगस्त में, पंजाबी बाग में रहने वाली और एक निजी कंपनी में काम करने वाली 24 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि सिविल लाइन्स में एक पार्टी में उसे नशीला पदार्थ देकर उसके साथ कई लोगों ने गैंग-रेप किया.
उसने पुलिस को बताया कि एक दोस्त ने उसे फोन करके सिविल लाइन्स में एक अन्य दोस्त के घर पर आयोजित पार्टी में आमंत्रित किया था. उसके बयान के अनुसार, पार्टी में उसने पांच लोगों को देखा, जिसमें उसका दोस्त और एक अन्य महिला शामिल थी.
समूह ने कथित तौर पर उसके पेय में नशीला पदार्थ मिलाया, जिससे वह बेहोश हो गई, और फिर उसके साथ गैंग-रेप किया गया. महिला ने यह भी दावा किया कि उसे पीटा गया और हमले को फिल्माया गया.
आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया, तो वे फुटेज को ऑनलाइन अपलोड कर देंगे. इसके बाद आरोपी उसे घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए. इस मामले में 11 अगस्त को केस दर्ज किया गया था.