हिन्दुस्तान में जैसे-जैसे पॉल्यूशन बढ़ रहा है वैसे-वैसे देश में इलेक्ट्रिक स्कूटर की डिमांड भी बढ़ रही है. ऐसे में अब टीवीएस मोटर्स ने भी अपना इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है. टीवीएस ने TVS iQube में बड़ा अपडेट करते हुए नए बेस और टॉप वेरिएंट को लॉन्च किया है. ये भारतीय बाजार में पेश किया जाने वाला अब तक का सबसे बड़ा बैटरी पैक है. इस सीरीज में कंपनी TFT डिस्प्ले, डिजिटल डॉक्युमेंट स्टोरेज, टायर प्रेशन मॉनिटरिंग सिस्टम और Alexa वॉयस असिस्टेंस जैसे फीचर्स को शामिल किया है.
कंपनी ने दावा किया है कि, iQube ST 17 वेरिएंट में सेग्मेंट की सबसे बड़ी बैटरी दी गई है. जहां इसके बेस वेरिएंट की शुरुआती कीमत 94 हज़ार 999 रुपये तय की गई है वहीं इसके सबसे बड़े बैटरी पैक की एक्स-शोरूम कीमत 1 लाख 85 हज़ार रुपये रखी गई है.
iQube ST के ST 12 में कंपनी ने 3.4 kWh की क्षमता का बैटरी पैक दिया है. वहीं ST 17 वेरिएंट में 5.1 kWh की क्षमता का बैटरी पैक दिया है.कंपनी का दावा है कि, iQube ST 17 सिंगल चार्ज में 150 किमी की रियल वर्ल्ड ड्राइविंग रेंज देगा. इसकी बैटरी 4 घंटे 18 मिनट में 0 से 80% तक चार्ज हो जाती है. इसकी टॉप स्पीड 82 किमी/घंटा है.
iQube इलेक्ट्रिक स्कूटर अब बेस वेरिएंट iQube 09 से शुरू होता है. इसके अलावा iQube 12, iQube S, iQube ST 12 और iQube ST 17 सहित कुल पांच वेरिएंट में ये स्कूटर उपलब्ध है. बता दें कि, स्टैंडर्ड मॉडल में iQube 09, iQube 12 और iQube S शामिल हैं. वहीं iQube ST को कुल दो वेरिएंट्स में पेश किया गया है, जिसमें ST 12 और ST 17 शामिल हैं.
TVS iQube के बेस वेरिएंट को इंट्रोडक्ट्री प्राइस के साथ बाजार में उतारा गया है. जो कि आगामी 30 जून 2024 तक के लिए वैलिड है. यानी कि भविष्य में कंपनी इसके बेस वेरिएंट की कीमतों को अपडेट कर सकती है. वहीं जो ग्राहक ST सीरीज के स्कूटर को आगामी 15 जुलाई 2024 से पहले बुक करते हैं उन्हें ये स्कूटर इंट्रोडक्ट्री प्राइस में उपलब्ध होगा. टॉप वेरिएंट के साथ कंपनी 10,000 रुपये का लॉयल्टी बोनस भी दे रही है.
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर के बेस वेरिएंट iQube 09 में कंपनी ने 2.2 kWh की क्षमता का बैटरी पैक दिया है. जिसकी टॉप स्पीड 75 किमी/घंटा है. कंपनी का दावा है कि ये स्कूटर सिंगल चार्ज में 75 किलोमीटर तक की रियल-वर्ल्ड रेंज देगा और इसकी बैटरी महज 2 घंटे में ही 0 से 80% तक चार्ज हो जाती है. इसमें 5 इंच का TFT स्क्रीन, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और थेफ्ट अलर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं.