बिना चुनाव लड़े मंत्री बन गए उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश, पिता ने खेला बड़ा राजनीतिक दांव

Amanat Ansari 20 Nov 2025 01:00: PM 1 Mins
बिना चुनाव लड़े मंत्री बन गए उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश, पिता ने खेला बड़ा राजनीतिक दांव

पटना: नीतीश कुमार की नई कैबिनेट में सबसे चौंकाने वाला नाम रहा राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) कोटे से मंत्री बने दीपक प्रकाश का. खास बात यह है कि दीपक प्रकाश न तो विधायक हैं, न ही विधान पार्षद यानी उन्होंने एक भी चुनाव नहीं लड़ा, फिर भी सीधे मंत्री बन गए. सूत्रों के मुताबिक यह पूरा खेल उपेंद्र कुशवाहा ने बहुत शातिराना अंदाज में खेला है.

दरअसल, चुनाव से पहले तय फॉर्मूला था कि RLM को एक मंत्री पद मिलेगा और उस पद पर उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता चौधरी (सासाराम से नवनिर्वाचित विधायक) शपथ लेंगी. लेकिन आखिरी मौके पर उपेंद्र कुशवाहा ने पूरा पासा पलट दिया.

बताया जाता है कि लोकसभा चुनाव के बाद सीट बंटवारे को लेकर कुशवाहा काफी नाराज चल रहे थे. उस समय अमित शाह से उनकी लंबी मुलाकात हुई थी और उन्हें आश्वासन मिला था कि विधानसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी को एक MLC सीट जरूर दी जाएगी.

कुशवाहा ने इसी आश्वासन को हथियार बनाया. उन्होंने अपनी पत्नी का नाम हटवाकर बेटे दीपक प्रकाश का नाम आगे कर दिया. चूँकि संविधान के अनुसार किसी भी व्यक्ति को बिना विधायक/पार्षद बने मंत्री पद पर सिर्फ छह महीने ही रहने की छूट मिलती है, इसलिए अब दीपक प्रकाश को अगले छह महीनों में विधान परिषद का सदस्य बनना ही पड़ेगा यानी वो MLC सीट अब लगभग पक्की हो गई. इस एक चाल से उपेंद्र कुशवाहा ने दो फायदे कर लिए.

  • पहला: बेटे को सीधे मंत्रिमंडल में जगह दिलाई
  • दूसरा: अपने लिए (या परिवार के किसी सदस्य के लिए) MLC की सीट भी लगभग पक्की कर ली

राजनीतिक गलियारों में इसे कुशवाहा की अब तक की सबसे चतुर चाल माना जा रहा है. जहां एक तरफ उनकी पत्नी पहले से ही विधायक हैं, वहीं अब बेटा मंत्री और जल्दी ही परिवार से एक सदस्य एमएलसी भी बन जाएगा. यानी कुशवाहा परिवार का बिहार की राजनीति में पूरा सेट पूरा हो गया.

Bihar swearing-in ceremony Rashtriya Lok Morcha RLM Upendra Kushwaha Deepak Prakash

Recent News