अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 30 भारतीय ट्रक चालक गिरफ्तार, किया जाएगा डिपोर्ट

Global Bharat 02 Jun 2026 11:02: PM 1 Mins
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 30 भारतीय ट्रक चालक गिरफ्तार, किया जाएगा डिपोर्ट

America Indian Truck Drivers Arrested : आव्रजन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करीब 30 भारतीय नागरिकों को हिरासत में लिया गया है. अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ये सभी लोग कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे और उनके खिलाफ आव्रजन संबंधी नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद इन्हें उनके मूल देश भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है.

अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (CBP) के अनुसार, 11 से 15 मई के बीच एरिज़ोना के युमा सेक्टर में चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चेकमेट’ के दौरान कुल 52 लोगों को पकड़ा गया, इनमें 36 लोग सेमी-ट्रक या ट्रेलर ट्रक चलाते हुए मिले. अधिकारियों ने बताया कि इन 36 चालकों में 30 भारतीय नागरिक शामिल हैं, जबकि अन्य चालक मेक्सिको, अल सल्वाडोर और रूस के नागरिक बताए गए हैं.

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए कई लोगों के पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों के कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस मौजूद थे. हालांकि, कुछ व्यक्तियों के पास वैध ड्राइविंग दस्तावेज नहीं पाए गए. अधिकारियों ने यह भी दावा किया कि अधिकांश लोगों के पास रोजगार प्राधिकरण दस्तावेज (EAD) थे, जिनकी वैधता को लेकर सवाल उठाए गए हैं.

अमेरिकी एजेंसियों का कहना है कि देश में अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान और कार्रवाई के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे. वहीं, इस कार्रवाई ने अमेरिका में कार्यरत प्रवासी ट्रक चालकों और आव्रजन नियमों को लेकर नई बहस छेड़ दी है. भारतीय नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद अब उनकी कानूनी स्थिति और संभावित निर्वासन प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है.

America Indian Truck Drivers Arrested Operation Checkmate USA Illegal Immigration Crackdown Indian Drivers Deportation News CBP Arizona Yuma Sector Action

Description of the author

Recent News