वाशिंगटन: अमेरिका-ईरान तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि अमेरिका अब इस महत्वपूर्ण जलमार्ग का "गार्जियन" बनेगा. साथ ही उन्होंने सभी कार्गो शिपिंग पर 20% रीइंबर्समेंट (शुल्क) लगाने का ऐलान किया है.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "होर्मुज स्ट्रेट खुला रहेगा, चाहे ईरान हो या न हो. हम 'ईरानियन ब्लॉकेड' फिर से लगा रहे हैं. अमेरिका अब 'गार्जियन ऑफ द होर्मुज स्ट्रेट' कहलाएगा. सुरक्षा के खर्च के लिए सभी कार्गो पर 20% शुल्क लिया जाएगा." ट्रंप ने कहा कि यह प्रक्रिया तुरंत शुरू हो जाएगी.
क्यों लिया यह फैसला?
हाल ही में ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से बंद करने की धमकी दी थी. अमेरिका ने ईरान पर कई सैन्य हमले किए हैं, जिसके जवाब में ईरान ने भी क्षेत्र में हमले बढ़ाए हैं. होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के लगभग 20% तेल और LNG का रास्ता है. इसका नियंत्रण बेहद महत्वपूर्ण है. ईरान ने अमेरिका के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है.
तेहरान का कहना है कि होर्मुज पर कोई भी विदेशी हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यह फैसला अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार को प्रभावित कर सकता है. तेल की कीमतें पहले से ही बढ़ रही हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, लेकिन इसके लिए दूसरे देशों को भी खर्च उठाना होगा.