सोमवार सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस ने ताजनगर, जो एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है और झीलों के शहर उदयपुर के बीच सेवा की शुरुआत की. उदयपुर सिटी स्टेशन से यह ट्रेन सुबह 5:45 बजे आगरा के लिए रवाना हुई. यह ट्रेन 8 घंटे 45 मिनट की यात्रा तय करके सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंची. 30 मिनट के बाद, वंदे भारत एक्सप्रेस आगरा कैंट स्टेशन से उदयपुर के लिए रवाना हुई. इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को आगरा और उदयपुर के बीच का सफर अब और तेज, सहज और सुरक्षित रहेगा. साथ ही, कोटा जाने वाले यात्रियों के लिए भी एक अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा होगी. इस सेवा के शुरू होने से आगरा और उदयपुर के पर्यटन उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा.
रेलवे ने 31 जुलाई को घोषणा की थी कि वंदे भारत एक्सप्रेस आगरा और उदयपुर के बीच चलेगी. यह ट्रेन सोमवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी. इस योजना के अनुसार, 2 सितंबर, सोमवार को वंदे भारत एक्सप्रेस उदयपुर सिटी से आगरा के लिए रवाना हुई. यह आगरा के लिए तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस है. ये ट्रेनें आगरा से होकर विभिन्न शहरों के लिए जाती हैं. पहली वंदे भारत एक्सप्रेस रानी कमलापति स्टेशन (हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत) से आगरा पहुंची थी. इसके बाद खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत की घोषणा की गई.
मौजूदा वक्त में राज्य में कुल नौ वंदे भारत ट्रेनें विभिन्न मार्गों पर चल रही हैं. इनमें गोमतीनगर (लखनऊ)-पटना, लखनऊ-देहरादून, अयोध्या धाम-आनंद विहार, गोरखपुर-प्रयागराज, वाराणसी-नई दिल्ली, वाराणसी-रांची, और नई दिल्ली-वाराणसी शामिल हैं. 31 अगस्त को मेरठ से लखनऊ के बीच भी वंदे भारत सेवा शुरू हुई. इस कड़ी में आज आगरा-उदयपुर वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत हुई. यह आगरा के लिए तीसरी वंदे भारत ट्रेन है. पहले खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन और रानी कमलापति स्टेशन-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत ट्रेनें आगरा को दी गई थीं.
आगरा रेलवे डिवीजन की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव के अनुसार, साप्ताहिक वंदे भारत एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 20981/20982 उदयपुर सिटी-आगरा कैंट-उदयपुर सिटी के बीच सेवा शुरू हो गई है. वंदे भारत एक्सप्रेस (20981) ट्रेन दोपहर 2:30 बजे उदयपुर सिटी से प्रस्थान करेगी और आगरा कैंट स्टेशन पहुंचेगी. इसके बाद, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, संख्या 220982, दोपहर 3 बजे आगरा कैंट स्टेशन से उदयपुर के लिए रवाना होगी.
वंदे भारत ट्रेन की कुछ महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकने की ही व्यवस्था है, जिनमें राणा प्रताप नगर स्टेशन, मावली जंक्शन, चंदेरिया स्टेशन, बूंदी, कोटा जंक्शन, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और बयाना जंक्शन शामिल हैं. इस ट्रेन में कुल आठ कोच हैं, जिसमें एक एग्जीक्यूटिव क्लास कोच शामिल है. यात्रियों के लिए 858 सीटों की व्यवस्था की गई है. इस ट्रेन में भी वंदे भारत एक्सप्रेस की अन्य ट्रेनों की तरह सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं.
रेलवे बोर्ड ने 10 अगस्त से पहले वंदे भारत एक्सप्रेस की बुकिंग शुरू कर दी थी. इसमें चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास यात्रा श्रेणियां शामिल हैं. एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 2526 रुपये है, जबकि एसी चेयर कार का किराया 1251 रुपये है. इन दोनों श्रेणियों में यात्रियों को नियमानुसार बेहतर खानपान सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी.