बिहार की राजधानी पटना के गायघाट से कंगन घाट तक मरीन ड्राइव का विस्तार हो रहा है. इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस तीसरे फेज का लोकार्पण करने पहुंचे. इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा भी मौजूद थे. इस बीच सीएम नीतीश कुमार, एक अधिकारी से बात-चीत करते नजर आए, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में नीतीश कुमार कुर्सी छोड़कर खड़े होते हैं और एक अधिकारी की ओर बढ़ते हैं. हाथ जोड़कर कहते हैं कहिए तो पैर पकड़ लें, बस प्रदेश का काम करवा दीजिए. नीतीश कुमार जिस अधिकारी को हाथ जोड़ रहे हैं वो PWD डिपार्टमेंट के इंजीनियर और ठेकेदार हैं, जिनका जिम्मा गंगा पथ का काम जल्द से जल्द पूरा करना है.
नीतीश कुमार जब हाथ जोड़कर आगे बढ़ते हैं तो वहीं खड़े उनके सबसे करीबी ऑफिसर और गृह सचिव अमृत प्रत्यय हाथ जोड़कर खड़े हो जाते हैं और कहते हैं सर काम करवाते हैं. नीतीश का ये अंदाज देख हर कोई सन्न रह जाता है. हालांकि ये वीडियो देखने के बाद कुछ लोग कह रहे हैं कि जब नीतीश कुमार सियासत के लिए पीएम मोदी के पांव पकड़ सकते हैं तो बिहार की जनता के लिए अफसरों के पांव क्यों नहीं पकड़ सकते.
बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब किसी ऑफिसर को नीतीश ने ऐसा कहा, बल्कि इससे पहले भी नीतीश कुमार ऐसे ही एक ऑफिसर के आगे हाथ जोड़ चुके हैं. जब नीतीश कुमार ने एक भू सर्वेक्षण अधिकारी को कहा था प्लीज जमीन सर्वेक्षण का काम पूरा करवा लीजिए.

बताते चलें कि अगले साल अक्टूबर-नवंबर में बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और चुनावी दौर से पहले ही बिहार में लगातार पुल गिर रहे हैं. सड़कों की हालत इतनी खराब है कि कहीं भी जलजमाव हो जा रहा है. बड़े-बड़े वीवीआईपी के घर में पानी घुस जा रहा है. सुशील मोदी की एक तस्वीर भी कुछ समय पहले सामने आई थी, जिसमें वो किसी तरह बारिश के पानी से बचकर निकलते हुए नजर आए थे.
बिहार का एक इलाका हमेशा से बाढ़ और सुखाड़ से प्रभावित है, जिससे नीतीश कुमार के प्रति जनता में एक अलग तरह की नाराजगी बनी हुई है. शायद इसीलिए नीतीश कुमार हर किसी के आगे हाथ जोड़ने के लिए तैयार हैं. पर क्या हाथ जोड़ने से बिहार के अधिकारी सुधर जाएंगे या यूपी वाला बुलडोजर बिहार के अधिकारियों पर भी चलाना होगा.