सतना: शादी के बढ़ते खर्च को देखते हुए एक किसान परिवार ने अनोखा रास्ता अपनाया. पूरे परिवार के 14 बेटों (और भतीजों) की शादी एक ही मंडप में एक साथ कर दी गई. बारात ट्रैक्टर-ट्रॉली से निकली और पूरा समारोह बेहद सादगी से संपन्न हुआ. इस अनोखे आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मध्य प्रदेश के सतना जिले से जुड़े इस वीडियो में देखा जा सकता है कि 14 नवविवाहित जोड़े पारंपरिक कपड़ों में सजे हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली में सफर कर रहे हैं. परिवार ने महंगे होटल, लग्जरी गाड़ियों और अनावश्यक दिखावे से दूर रहते हुए पूरी शादी सादगी के साथ आयोजित की. एक ही मंडप में सभी रस्में निभाई गईं, जिससे खर्च काफी कम हो गया. वीडियो वायरल होते ही लोग परिवार की इस पहल की तारीफ कर रहे हैं.
कई यूजर्स ने लिखा, "ये है असली किसान परिवार की मिसाल", "शादी सादगी से होनी चाहिए, दिखावे से नहीं". कुछ ने इसे नई सामाजिक परंपरा की शुरुआत भी बताया. आजकल शादी में होने वाले भारी खर्च कई परिवारों के लिए बोझ बन जाते हैं. इस परिवार ने दिखाया कि थोड़ी सादगी और एकजुटता से भी शादी को यादगार बनाया जा सकता है.