नई दिल्ली: चैंम्पियंस ट्रॉफी की शुरूआत 19 फरवरी से होने वाली है. लेकिन उसकी चर्चाएं अभी से होने लगी हैं. सभी ये जानना चाहते हैं कि इस सीरीज की सब से दमदार टीम कौन है? और कौनसी टीम 2025 में चैंपियन बन सकती है? इन सवावों का जवाब दिया है, भारतीय पूर्व वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य और भारतीय टीम के पूर्व कोच रहे रवि शास्त्री ने. शास्त्री का मानना है कि अभी पाकिस्तान की टीम शानदार फॉर्म में है. ऐसे हालातों में किसी भी टीम के लिए पाकिस्तान को हराना आसान नहीं होगा.
पूर्व भारतीय कोच का कहना है कि हाल ही में पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार तीन वनडे सीरीज जीती हैं. जिसकी वजह से वो पूरे आत्मविश्वास के साथ टूर्नामेंट में उतरेगा. शास्त्री का मानना है कि पिछले 6-8 महीनों में जिस तरह का प्रदर्शन पाकिस्तानी टीम ने किया है, खास तौर पर साउथ अफ्रीका में पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है. ये चीजें भी पाकिस्तान को ट्रॉफी में मदद करेंगी.
आयूब के चोटिल होने से फर्क नहीं पड़ेगा
पाकिस्तान के ओपनर आयूब चोटिल होने की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. लेकिन रवि शास्त्री का कहना है कि आयूब को चोटिल होने से थोड़ा फर्क तो पड़ेगा, लेकिन टीम को सेमीफाइनल में तो क्वालीफाई करना ही चाहिए.
रिकी पोंटिंग ने जताई सहमति
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने शास्त्री की बात पर सहमति जताई है. पोंटिंग का मानना है कि पाकिस्तान का तेज गेंदबाजी आक्रमण शानदार है, जिसमें शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ और मोहम्मद रसनैन शामिल हैं. पोंटिंग का कहना है कि ‘मैं रवि से पूरी तरह सहमत हूं, आयूब शानदार खिलाड़ी हैं. उनकी कमी को पूरा तो नहीं किया जा सकता, लेकिन पाकिस्तानी फास्ट बॉलर्स काफी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. शाहीन और नसीम ने हाल के समय में अच्छा प्रदर्शन किया है. वो किसी भी बल्लेबाजी लाइनअप को परेशान कर सकते हैं’.
चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम 20 फरवरी को दुबई में अपना पहला मुकाबला बांग्लादेश के सामने खेलेगी, जबकि टूर्नामेंट की शुरूआत 19 फरवरी को कराची में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच मुकाबले से होगी. 23 फरवरी को भारत का मुकाबला पाकिस्तान के साथ होगा. इस बार पाकिस्तान डिफेंडिंग चैंम्पियन के तौर पर टूर्नामेंट में उतरेगी जहां वो अपना खिताब बचाए रखने की कोशिश करेगी.