नई दिल्ली: 19 फरवरी से चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज होने वाला है. लेकिन भारत और पाकिस्तान की टीमें 23 फरवरी को एक दूसरे से भिड़ती नजर आएंगी. भारत के सभी मुकाबले दुबइ इंटरनेशनल स्टेडिय में खेले जाएंगे. इस मुकाबाले को लेकर क्रिकेट के फैंस में इतना जुनून है कि कई दिन पहले ही मुकाबले की सारी टिकटें बिक चुकी हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि चैंपियंस ट्रॉफी में किस टीम का पलड़ा भारी है? क्या भारत ने यहां भी वर्ल्डकप की तरह पाकिस्तान पर एकछत्र राज किया हुआ है?
किसके पक्ष में आंकड़े?
आंकडों को देखा जाए तो चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान की टीम 5 बार आमने-सामने आई हैं. जिसमें से पाकिस्तान तीन बार भारतीय टीम को हरा चुका है, वहां भारतीय टीम दो बार पाकिस्तान को धूल चटा चुकी है. 2013 में पहली बार भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को हराया था. उस समय टीम की कप्तानी महिंद्र सिंह धोनी कर रहे थे. इसी साल भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती भी थी. इसके बाद 2017 के टूर्नामेंट में दोनों टीमें दो बार आपस में भिड़ी थीं. जहां ग्रुप मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाई थी, तो वहीं फाइनल मुकाबले में शहजाद अहमद की कप्तानी वाली पाक टीम ने भारतीय टीम को हराया था. इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी पाकिस्तान के सामने बेबस नजर आई थी. केवल हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ अर्धशतक बनाया था, लेकिन वो भी बीच में ही रन आउट हो गए थे.
वनडे फॉर्मेट में किस टीम का पलड़ा भारी?
अगर वनडे फॉर्मेट की बात करें तो यहां भी पाकिस्तान का पलड़ा भारी नजर आता है. आंकड़े गवाह हैं कि वनडे में भारत और पाकिस्तान की भिडंत 135 बार हुई है. जिसमें से पाकिस्तान ने भारत को 73 बार हराया है, जबकि भारतीय टीम को केवल 57 मुकाबलों में जीत मिली है. इस तरह से वनडे फॉर्मेट में पाकिस्तानी टीम भारतीय टीम पर भारी पड़ती नजर आ रही है. अगर वर्ल्ड कप की बात की जाए तो वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ अभी तक अजेय रही है. जितने भी मुकाबले हुए हैं हर बार पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी है. लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम एक बार भारतीय टीम को हरा चुकी है. अगर फिलहाल ODI की फॉर्म को देखा जाए तो भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ जीत का दावा ठोकती नजर आ रही है.