अमेरिकी दौरे के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय प्रवासियों से बातचीत की. इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि लड़ाई इस बात को लेकर है कि क्या एक सिख को भारत में पगड़ी पहनने की अनुमति दी जाएगी और क्या वह गुरुद्वारा जा सकेगा. उन्होंने कहा कि सबसे पहले, आपको यह समझना होगा कि लड़ाई किस बारे में है.
कांग्रेस नेता राहुल गंधी ने आगे कहा कि लड़ाई राजनीति के बारे में नहीं है, यह सतही है. आपका नाम क्या है? लड़ाई इस बारे में है कि क्या उसे, एक सिख के रूप में, भारत में पगड़ी पहनने की अनुमति दी जाएगी या उसे एक सिख के रूप में भारत में कड़ा पहनने की अनुमति दी जाएगी. या एक सिख गुरुद्वारा जाने में सक्षम होगा. यही लड़ाई है और सिर्फ उसके लिए नहीं, बल्कि सभी धर्मों के लिए है.
नेता प्रतिपक्ष के इस बयान पर भाजपा और भाजपा से जुड़ी पार्टियां लगातार राहुल गांधी पर निशाना साध रही है. साथ ही इस बात पर भी चर्चा हो रही है कि आखिरकार खालिस्तानी आतंकी पन्नू और चीन ने राहुल गांधी का समर्थन क्यों किया है.
खालिस्तान समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कहा कि हिन्दुस्तान में सिखों की स्थिति पर राहुल गांधी का बोलना साहसिक कदम है. पन्नू ने कहा कि 1947 के बाद से भारत में सिख धर्म के लोगों पर अत्याचार हो रहा है. पन्नू यहीं नहीं रूका, उन्होंने आगे कहा कि पंजाब की आजादी के लिहाज से सिख फॉर जस्टिस की मांग सही है.
बता दें कि गुरपतवंत सिंह पन्नू प्रतिबंधित संगठन ''सिख फॉर जस्टिस'' का सह-संस्थापक है. वह लगातार भारत विरोधी काम करता रहता है. पन्नू को गृह मंत्रालय ने देशद्रोह और अलगाववाद के आरोप में आतंकी घोषित किया है. वहीं राहुल गांधी के बयान का पाकिस्तान और चीन भी तारीफ कर रहा है.
इसी बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सिख समुदाय और आरक्षण पर उनकी टिप्पणियों को लेकर निशाना साधा और उनकी टिप्पणियों को "भ्रामक, निराधार" और "बेहद शर्मनाक" करार दिया. राहुल पर कटाक्ष करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसा लगता है कि 'मोहब्बत की दुकान' चलाते-चलाते कांग्रेस नेता ने 'झूठ की दुकान' खोल ली है.
वहीं केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विदेशों में भारत को बदनाम करना ठीक नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि जब भी स्थिति तनावपूर्ण होती है, तो सभी पड़ोसी देशों से अल्पसंख्यक भारत आते हैं और अल्पसंख्यकों के लिए भारत से सुरक्षित कोई जगह नहीं है. चीन सीमा को लेकर उन्होंने कहा कि जहां तक हमारी जमीन का सवाल है, मोदी जी के सत्ता में आने के बाद कोई भी हमारी एक इंच जमीन पर कब्जा नहीं कर सका...
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा था. अमित शाह ने कहा कि देश को बांटने की साजिश रचने वाली ताकतों के साथ खड़े होना और देश विरोधी बयान देना राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की आदत बन गई है. चाहे वह जम्मू-कश्मीर में जेकेएनसी के देश विरोधी और आरक्षण विरोधी एजेंडे का समर्थन करना हो या विदेशी मंचों पर भारत विरोधी बयान देना हो, राहुल गांधी ने हमेशा देश की सुरक्षा को खतरे में डाला है और भावनाओं को ठेस पहुंचाई है.