टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद अब दोनों टीमों की निगाहें 3 मैचों की टी20 सीरीज पर आ गयी है. टी20 सीरीज का आगाज रविवार 6 अक्टूबर से हो रहा है. पहला टी20 मैच ग्वालियर के मैदान पर खेला जाएगा. भारत और बांग्लादेश के बीच रविवार को होने वाले पहले T20 इंटरनेशनल मैच से पहले सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाए गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, जिला मजिस्ट्रेट ने यहां धारा 163 लागू की है, जिसमें खासतौर पर विरोध प्रदर्शनों और सोशल मीडिया पर विवादास्पद तस्वीरें साझा करने पर रोक लगाई गई है. ये निर्देश 7 अक्टूबर तक प्रभावी रहेंगे.
आपको बता दें, 6 अक्टूबर को, हिंदू महासभा ने ग्वालियर बंद का आह्वान किया है. कुछ अन्य समूहों ने भी विरोध की धमकी दी है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया है. हिंदू महासभा ने बुधवार को प्रदर्शन करते हुए कहा कि, बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ "अत्याचारों" के चलते मैच को रद्द किया जाए. पुलिस अधीक्षक की सलाह पर, जिला मजिस्ट्रेट और कलेक्टर रुचिका चौहान ने धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं.
गौरतलब हो इस आदेश के तहत, जिले की सीमा के भीतर कोई भी व्यक्ति अगर मैच में व्यवधान डालता है या धार्मिक भावनाओं को भड़काने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही, बैनर, पोस्टर, कटआउट, झंडे या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री रखना भी प्रतिबंधित है.
आपको बता दें, टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच ये मैच ग्वालियर के न्यू माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जो 14 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट मैच की मेज़बानी करेगा. सुरक्षा के लिए लगभग 1,600 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है, जो यातायात नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे. इस तरह के कदमों से उम्मीद है कि मैच शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सकेगा.